बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर नई चर्चा सामने आ रही है। पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक स्वपन मजूमदार ने संकेत दिया है कि शेख हसीना पेत्रापोल बॉर्डर के रास्ते बांग्लादेश में दाखिल हो सकती हैं। पेत्रापोल उत्तर 24 परगना का इलाका है, जिसके दूसरी तरफ बांग्लादेश का बेनापोल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आवामी लीग पेत्रापोल के अलावा कई अन्य एंट्री प्लाइंट्स का भी जायजा ले रही है। हालांकि, वापसी की तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
शेख हसीना ने दिसंबर में वापस स्वदेश लौटने का ऐलान किया था। वह दो साल से अधिक समय से भारत में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रही हैं और लगातार बांग्लादेश लौटने की बात करती रही हैं। उनके समर्थकों ने संभावित वापसी को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
भाजपा विधायक स्वपन मजूमदार ने कहा कि शेख हसीना पेत्रापोल बॉर्डर के जरिए बांग्लादेश में दाखिल हो सकती हैं और वह दिन दूर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में कुछ लोगों ने गैर-कानूनी तरीके से सरकार बना ली है और पूर्ववर्ती यूनुस सरकार ने विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंका था।
शुभेंदु अधिकारी सरकार में मंत्री अशोक कीर्तानिया ने भी शेख हसीना का समर्थन किया। उन्होंने आवामी लीग के समर्थकों और नेताओं से अपील की कि जिस दिन शेख हसीना बांग्लादेश लौटें, उस दिन वे भी बांग्लादेश पहुंचें। उधर, तारिक रहमान सरकार की तरफ से कहा गया है कि अगर हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो उनके खिलाफ चल रहे मामलों को तेजी से पूरा किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। शेख हसीना के खिलाफ नरसंहार के मामले भी चल रहे हैं।
