मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले पुलिस को धमकी भरा ईमेल मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस ईमेल में कार्यक्रम के दौरान IED धमाका करने की धमकी दी गई है और इसमें 'खालिस्तान जिंदाबाद' का जिक्र भी है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एक रिपोर्ट के अनुसार यह ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है। इसमें मदावरा के NICE रोड स्थित मैदान में बम हमले की चेतावनी दी गई है, जहां कॉन्सर्ट आगामी 29 नवंबर को होना है। ईमेल में कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि वे बच्चों को साथ न लाएं, आईफोन पर आए फोन का जवाब न दें और मेट्रो से यात्रा करने से बचें। धमकी के बावजूद अभी तक कॉन्सर्ट कार्यक्रम में किसी तरह के बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।
यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत के कार्यक्रम को लेकर इस तरह की धमकियां मिली हैं। इससे पहले उनके इंदौर कॉन्सर्ट से पहले भी पुलिस को ऐसे ईमेल मिले थे। इंदौर में बम विस्फोट की धमकी को लेकर मेयर ऑफिस, तीन बैंकों और तीन निजी स्कूलों को ई-मेल भेजे गए थे। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद इन संदेशों को पहली नजर में फर्जी बताया था।
इंदौर कॉन्सर्ट से पहले मिली धमकियों का जवाब दिलजीत दोसांझ ने एक शेर के जरिए देने की कोशिश की थी। कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने कहा था कि उन्हें प्रस्तुति देने से रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बिना डरे वादा निभाया। उन्होंने कहा था, ''हिंदुस्तान किसी के बाप का नहीं।'' दोसांझ ने कार्यक्रम की शुरुआत में श्रोताओं से 'जय श्री महाकाल' का जयकारा लगवाया था और कहा था कि महाकाल की धरती पर आने से उन्हें कोई रोक नहीं सकता। 42 वर्षीय दिलजीत ने राहत इंदौरी की मशहूर गजल के कुछ शेर सुनाते हुए कहा था, ''सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है।''
