पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा को स्टेज पर बुलाया और उनके साथ डांस किया। दिलजीत ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें सान्या खुश और सरप्राइज नजर आ रही हैं। सिंगर ने 'चार्मर' गाना गाया और सान्या के साथ स्टेज पर परफॉर्म किया। वीडियो शेयर करते हुए दिलजीत ने लिखा, 'मुंबई में सान्या जी के साथ, क्या चार्म है।' गाने की बात करें तो 'चार्मर' दिलजीत के एल्बम 'औरा' का हिस्सा है, जिसे राज रंजोध ने लिखा और कंपोज किया है, जबकि म्यूजिक प्रोडक्शन एवी सरा ने किया है। यश कदम की कोरियोग्राफी में सान्या के डांस मूव्स सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे।
इस कॉन्सर्ट में भीड़ के बीच करिश्मा कपूर भी नजर आईं। वह अपने दोस्तों के साथ इवेंट में पहुंचीं और दिलजीत के गानों पर झूमती दिखीं। करिश्मा अपने कैमरे से सिंगर की परफॉर्मेंस रिकॉर्ड करती भी नजर आईं।
बता दें कि इस कॉन्सर्ट के लिए दिलजीत को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। बीडीडीएस की टीमों ने इवेंट से पहले कार्यक्रम स्थल की जांच की और धमकी की वजह से सभी पांचों गेटों पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई। पुलिस की सहायता के लिए प्राइवेट गार्ड्स भी तैनात किए गए।
अपने परफॉर्मेंस से पहले दिलजीत ने इन धमकियों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि धमकियों के बावजूद वो प्यार से ही जवाब देंगे। सिंगर ने कहा, 'वो दिलजीत को बम से उड़ाना चाहते हैं। उनका एक ही मकसद है कि कोई दिलजीत के शो में न जाए, लोग डर जाएं। शहरों में बारूद का मौसम है, गांवों में अमरूद का मौसम है। मेरी तरफ से तुम्हें प्यार है...तुम चाहे भले बम फेंको...मेरी तरफ से प्यार है।' उन्होंने दर्शकों से यह भी कहा कि अगर उन्हें उनका कोई गाना समझ नहीं आया तो भी मिट्टी की खुशबू जरूर आएगी। सिंगर ने कॉन्सर्ट के लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुंबई पुलिस को धन्यवाद भी कहा है।
