नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की अगली बैठक 2 से 4 दिसंबर 2026 को हो सकती है। गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली इस बैठक में अर्थव्यवस्था, महंगाई और रेपो रेट समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होती है और जुड़े फैसले लिए जाते हैं। पिछली बैठक के बाद 7 अक्टूबर को फैसलों की घोषणा हुई थी, जिसमें रेपो रेट 5.25 फीसदी से 0.25 फीसदी बढ़ाकर 5.50 फीसदी किया गया था। इससे बैंकों की उधारी दरें बढ़ीं, जिसका असर लोन, ईएमआई और एफडी पर पड़ा।

रिपोर्ट के अनुसार, ब्रोकरेज नोमुरा ने दिसंबर में रेपो रेट बढ़ोतरी के अपने अनुमान को दोगुना करके 50 बेसिस पॉइंट कर दिया है। उसका मानना है कि केंद्रीय बैंक रेपो रेट को 5.50 फीसदी से 0.50 फीसदी बढ़ाकर 6 प्रतिशत कर सकता है। नोमुरा के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की कीमतों के दबाव से खुदरा महंगाई कम से कम दो तिमाहियों तक 6 प्रतिशत से ऊपर बनी रह सकती है। अपनी ताजा रिपोर्ट में ब्रोकरेज ने 4 दिसंबर की बैठक में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना 60 प्रतिशत और 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना 40 प्रतिशत बताई है।

नोमुरा ने बढ़ोतरी की वजहें भी गिनाई हैं। उसके अनुसार खाद्य पदार्थों की कीमतों में भारी उछाल, बढ़ती कोर महंगाई और मजबूत आर्थिक विकास को देखते हुए आरबीआई महंगाई के दबाव को काबू में करने के लिए ब्याज दरों में और तेजी से बढ़ोतरी कर सकता है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि अक्टूबर में 6.1 प्रतिशत रही खुदरा महंगाई दर नवंबर में बढ़कर 6.4 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिसकी मुख्य वजह अनाज, दालों और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी है। उसका अनुमान है कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में औसत महंगाई दर 6.3 प्रतिशत रहेगी, जो आरबीआई के 6 प्रतिशत के अनुमान से अधिक है। रिपोर्ट के मुताबिक खाद्य कीमतों के साथ कोर महंगाई भी बढ़ रही है, क्योंकि कंपनियां बढ़ी हुई लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं।

रेपो रेट वह ब्याज दर है जिस पर आरबीआई देश के कमर्शियल बैंकों को लोन देता है। रेपो रेट बढ़ने पर बैंकों के लिए आरबीआई से उधार लेना महंगा हो जाता है और ग्राहकों को लोन लेना तथा ईएमआई भरना महंगा हो सकता है। अगर आरबीआई रेपो रेट फिर बढ़ाता है तो बैंक भी लोन ब्याज दरें बढ़ा सकते हैं। फिक्स दर पर लोन या ईएमआई भर रहे लोगों पर असर नहीं पड़ेगा, जबकि फ्लोटिंग ईएमआई या लोन वालों की ब्याज दरें प्रभावित हो सकती हैं। नए लोन और उनकी ईएमआई का खर्च इस बात पर निर्भर करेगा कि बैंक ब्याज दरों में कितनी बढ़ोतरी करते हैं।