शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते दिनों की तेज बढ़त के बाद 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान हजार अंकों से अधिक लुढ़का और अंत में 989.33 अंक यानी 1.17 फीसदी की गिरावट के साथ 83,339.26 पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 277.30 अंक यानी 1.07 फीसदी गिरकर 25,607.20 पर बंद हुआ। इस गिरावट से निवेशकों को करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ है।

सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (1.56%), टाइटन (0.95%), इंडिगो (0.50%), टाटा स्टील (0.46%) और पावरग्रिड (0.37%) शामिल रहे। टॉप लूजर्स में एचसीएल टेक (2.81%), इन्फोसिस (2.55%), टीसीएस (2.46%), बजाज फिनसर्व (2.17%) और टेक महिंद्रा (2.15%) रहे।

सहयोगी ईटी की एक रिपोर्ट के अनुसार, गिरावट के पांच बड़े कारणों में सबसे पहला मुनाफा वसूली है। रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसेक्स और निफ्टी 6 साल से अधिक समय में अपना सबसे अच्छा हफ्ता रिकॉर्ड करने की राह पर हैं, विदेशी निवेशकों के फ्लो में तेज बदलाव, आकर्षक वैल्यूएशन और एआई रैली में कमी के बीच भारत इस महीने सबसे अच्छा परफॉर्म करने वाला शेयर बाजार बन गया है। वहीं, निवेशक ऊंचे लेवल पर प्रॉफिट बुक करने के लिए दौड़ लगाते हुए दिखे।

दूसरा कारण तेल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी है। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। ईरान के सपोर्ट वाले हूतियों ने सऊदी अरब में तेल रिफाइनरी पर नया हमला किया है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी हुई है। यह करीब एक फीसदी बढ़कर 98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। कच्चे तेल की बढ़ी इस कीमत ने शेयर बाजार को झटका दिया है।