नई दिल्ली: शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना शुरुआती कारोबार में प्रति 10 ग्राम 2,500 रुपये से ज्यादा चढ़कर 1.24 लाख रुपये के पार निकल गया। चांदी भी प्रति किलो 6,000 रुपये से ज्यादा की बढ़त के साथ 1.51 लाख रुपये के पार पहुंच गई।
गुरुवार को सोना 1,22,272 रुपये पर बंद हुआ था। शुक्रवार को यह 1,24,300 रुपये पर खुला और शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद 1,24,787 रुपये तक पहुंच गया। सुबह 10 बजे सोना 2,000 रुपये से ज्यादा चढ़कर 1,24,347 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 5,500 रुपये से ज्यादा की तेजी के साथ 1,51,436 रुपये प्रति किलो पर थी।
बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के बदले हुए ब्याज दर परिदृश्य और वैश्विक वित्तीय बाजार में अनिश्चितता के चलते सोने-चांदी में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। अंतरराष्ट्रीय बुलियन बाजार में तेज गिरावट के बाद सस्ती खरीदारी और शॉर्ट-कवरिंग से सुधार हुआ, लेकिन मजबूत अमेरिकी डॉलर और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदों से बढ़त सीमित रही। COMEX पर सोना 0.57% बढ़कर 3,584.90 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.64% बढ़कर 41.61 डॉलर प्रति औंस हो गई।
गुडरिटर्न्स के मुताबिक दिल्ली में 24 कैरेट सोना 12,660 रुपये प्रति ग्राम, जबकि मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बैंगलोर और हैदराबाद में 12,655 रुपये प्रति ग्राम है। पटना में यह 12,660 रुपये प्रति ग्राम बताया गया। मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली में चांदी 1.70 लाख रुपये प्रति किलो पर है। सोने की कीमतें जनवरी के उच्चतम स्तर से 35% और नवंबर में अब तक 11% गिर चुकी हैं।
