एक टीनएज लड़की की गुल्लक में जमा पैसे चूहों ने कुतर दिए, जिसके बाद वह रोती नजर आई। रितिका कुशवाहा के इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किए गए वीडियो में बच्ची अपनी बड़ी बहन की ओर इशारा करते हुए कहती है कि देखो मेरी दीदी रो रही है। सामने एक टीनएज लड़की फूट-फूट कर रोते हुए दिखाई देती है और बगल में कुतरे हुए नोट पड़े हैं। लड़की नोटों की कतरन दिखाते हुए कहती है कि देखिए चूहों ने कुतर दिए हैं। वीडियो में नन्हें चूहे भी नजर आते हैं।

परिवार के मुताबिक, ये पैसे सेठ जी के आकार वाली गुल्लक में रखे गए थे, जिसमें छेद करके चूहे अंदर घुस गए थे। वीडियो में बच्ची को बिलख कर रोते देख इंस्टाग्राम यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में मदद करने का वादा किया है। यूजर्स बच्ची से न रोने की बात कह रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि कितने थे बताओ, मैं पेटीएम करता हूं, तो किसी ने क्यूआर भेजने की बात कही है। ऐसे कमेंट देखकर परिवार ने सच में क्यूआर पोस्ट भी कर दिया है, जो उनके प्रोफाइल पर मिल जाएगा।

नोटों को चूहों ने किस कदर कुतरा था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बैंक ने भी इन नोटों को लेने से इनकार कर दिया है। परिवार ने वीडियो में यह बात बताई है।