शेयर बाजार में गुरुवार को भी तेजी रही और कई शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए। इनमें ट्रायो मर्केंटाइल एंड ट्रेडिंग लिमिटेड का शेयर भी शामिल रहा। यह पेनी स्टॉक तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2026 में इसने निवेशकों की रकम को तीन गुने से कहीं ज्यादा कर दिया है।

ट्रायो मर्केंटाइल का शेयर बुधवार को 2.53 रुपये पर बंद हुआ था। गुरुवार को यह 4.74 फीसदी की तेजी के साथ 2.65 रुपये पर खुला और इसी भाव पर बंद हुआ, यानी खुलते ही करीब 5 फीसदी का अपर सर्किट लग गया। पिछले कई दिनों से शेयर अपर सर्किट छू रहा है और बुधवार को भी अपर सर्किट लगा था। पिछले 5 सत्रों में इसमें करीब 18 फीसदी की तेजी आई है।

1 जनवरी 2026 को इस शेयर की कीमत 71 पैसे थी, जो अब 2.65 रुपये हो गई है। इस तरह इसने इस साल अब तक 273 फीसदी रिटर्न दिया है। अगर 1 जनवरी को एक लाख रुपये निवेश किए गए होते तो वह रकम अब 3.73 लाख रुपये हो चुकी होती, यानी 2.73 लाख रुपये का फायदा हो चुका होता। लंबी अवधि में यह शेयर ज्यादा फायदा नहीं करा पाया है। 5 साल में इसमें करीब 36 फीसदी की तेजी आई है, जबकि ऑल टाइम रिटर्न के हिसाब से निवेशक नुकसान में हैं और यह शेयर 6 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है।

हालिया तेजी के पीछे कोई एक बड़ी वजह नहीं है। 2026 में कंपनी के ओपन ऑफर, मैनेजमेंट में बदलाव और कारोबार से जुड़े फैसलों ने निवेशकों का ध्यान खींचा। जून और सितंबर तिमाही में कंपनी मुनाफे में रही, हालांकि बिक्री कमजोर रही और सितंबर में प्रमोटर की हिस्सेदारी शून्य हो गई। कम ट्रेडिंग वॉल्यूम के कारण इस माइक्रो कैप शेयर में उतार-चढ़ाव ज्यादा रहता है। कंपनी का मुख्य कारोबार ट्रेडिंग और निवेश से जुड़ा है और यह वस्तुओं व कमोडिटी की खरीद-बिक्री के साथ निवेश गतिविधियों में भी शामिल है। इसके अलावा कंपनी फाइनेंस, लोन, लीजिंग, हायर परचेज, ब्रोकरेज और कंसल्टेंसी जैसी सेवाएं भी देती है।

डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, एनबीटी के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें, क्योंकि शेयर बाजार की परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं।