तिरुमला के तिरुपति मंदिर में गुरुवार को चेन्नई के एक भक्त दंपती ने 121 किलो सोने के आभूषण दान किए, जिनकी कीमत करीब 160 करोड़ रुपए बताई गई है। यह दान वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में किया।

दान किए गए आभूषणों में 9 सेट में रखे 45 जेवर शामिल हैं। इनमें श्रीवारु का मुकुट और पद्म पादालु यानी पैरों के आभूषण भी हैं। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के मुताबिक, भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक भक्त की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।

चेन्नई की कंपनी 'वारा फ्यूचर एलएलपी' के चेयरमैन वर्धमान जैन ने कंपनी में अपनी 60% हिस्सेदारी बेचकर 6000 करोड़ रुपए हासिल किए थे। इसी रकम में से उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर को यह सोना दान किया। इससे पहले भी वे कई बार दान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।