बुधवार को सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी 9,680 रुपए सस्ती होकर 1.43 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई, जो पिछले 13 महीनों का सबसे निचला भाव है। यह अपने 3.80 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से करीब 63% नीचे है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3,907 रुपए घटकर 1.21 लाख रुपए पर आ गया, जो अपने 1.76 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से करीब 32% कम है।
शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1,502 अंक चढ़कर 83,938 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 470 अंक की बढ़त के साथ 25,819 पर पहुंच गया। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स इस साल के शुरुआती स्तर से सिर्फ 1.5% नीचे रहा, यानी बाजार ने अपनी ज्यादातर गिरावट की भरपाई कर ली है।
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की संपत्ति की CBI और ED से जांच कराने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को रद्द कर दिया। कोर्ट ने मामला वापस हाईकोर्ट भेजते हुए कहा कि पहले राहुल गांधी का पक्ष सुना जाए, फिर नए सिरे से फैसला किया जाए। कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने 25 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी, जिसमें राहुल गांधी और उनके परिवार के सदस्यों की संपत्ति की जांच CBI और ED से कराने की मांग की गई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भारत से आने वाले सामान पर 25% तक टैरिफ लगा सकते हैं। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत समेत 14 देशों पर नए शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है, जिसमें चीन पर सबसे ज्यादा 40% और वियतनाम पर 35% तक टैरिफ का जिक्र है। आरोप है कि ये देश जरूरत से ज्यादा सामान बना रहे हैं और उसे कम कीमत पर दुनिया में बेच रहे हैं।
