मुजफ्फरपुर में जरूरी खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। बाजार में सरसों तेल के विभिन्न ब्रांड 225 से 250 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं, जबकि अरहर दाल 160 रुपये प्रति किलोग्राम के पार चली गई है। कुछ समय पहले तक अरहर दाल 125 रुपये किलो बिक रही थी।
खुदरा कारोबारियों के अनुसार बीते दो महीनों से सरसों तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है और छठ के बाद लगभग रोजाना एक से दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हो रही है। बाजार में इंजन ब्रांड सरसों तेल 250 रुपये लीटर, सलोनी 225 रुपये लीटर और हाथी मार्का 228 रुपये लीटर के भाव से बिक रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि दीपावली और छठ के दौरान चीनी के दाम बढ़े थे और अब छठ के बाद सरसों तेल के भाव चढ़ रहे हैं। एक के बाद एक जरूरी खाद्य सामग्री महंगी होने से लोग कम मात्रा में सामान खरीद रहे हैं और अन्य खर्चों में कटौती करने को मजबूर हो रहे हैं।
लगातार बढ़ रहे दामों के कारण आम उपभोक्ताओं का रसोई बजट बिगड़ रहा है। तेल और दाल की महंगाई से लोगों को मासिक बजट संभालने में दिक्कत आ रही है, क्योंकि आमदनी में खास इजाफा नहीं हो रहा है।
