बैंक ऑफ बड़ौदा ने वेल्थ मैनेजमेंट सर्विस से जुड़ी भर्ती में आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 7 दिसंबर 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती में ग्रुप हेड असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट, हेड इन्वेस्टमेंट, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर और सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर सहित कुल 837 पदों पर नियुक्ति होनी है। विज्ञापन संख्या BOB/HRM/REC/ADVT/2026/20 के तहत आवेदन प्रक्रिया 4 नवंबर 2026 से शुरू हुई थी और पहले अंतिम तारीख 24 नवंबर 2026 तय की गई थी।

पदों के अनुसार योग्यता अलग-अलग है। ग्रुप हेड असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II के 8 पदों के लिए ग्रेजुएशन के साथ मैनेजमेंट में दो साल का फुल टाइम पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा, संबंधित सर्टिफिकेट और कम से कम 12 साल का अनुभव चाहिए। हेड इन्वेस्टमेंट असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट II के एक पद पर 10 साल का अनुभव जरूरी है। टेरिटरी हेड असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट-I के 35 पदों के लिए 8 साल का अनुभव मांगा गया है। इनवेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर के 2 पदों पर 5 साल का अनुभव चाहिए। सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर (डिप्टी मैनेजर) के 791 पदों के लिए ग्रेजुएशन, निर्धारित सर्टिफिकेट में से कोई एक और 3 साल का पोस्ट क्वालिफिकेशन अनुभव जरूरी है।

चयन प्रक्रिया में पहले योग्यता के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग होगी। इसके बाद ऑनलाइन टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट या कोई अन्य परीक्षा आयोजित की जा सकती है, जिसकी जानकारी बैंक समयानुसार देगा। आवेदन शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 850 रुपये तथा एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, ईएसएम, डीईएसएम और महिला अभ्यर्थियों के लिए 175 रुपये है। शुल्क ऑनलाइन जमा किया जा सकता है।

आवेदन के लिए उम्मीदवारों को बैंक की आधिकारिक वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। पंजीकरण के बाद मिले रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगइन करके व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अनुभव संबंधी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करें, श्रेणी के अनुसार शुल्क जमा करें और फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें। बैंक की ओर से तारीख आगे बढ़ाने की कोई संभावना नहीं जताई गई है, इसलिए उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर आवेदन करने की सलाह दी गई है।