भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे आरएसपुरा के गांव चंदू चक के रहने वाले चौधरी विक्रम सिंह ने डेयरी व्यवसाय को अपनी आजीविका का जरिया बनाया है। 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद उन्होंने अपने पिता के साथ इस काम में हाथ बंटाया। सरकार की इंटीग्रेटेड डेयरी डेवलपमेंट स्कीम के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने करीब 10 पशुओं के साथ फार्म शुरू किया था। योजना के तहत उन्हें प्रति पशु लगभग 40 हजार रुपये की सब्सिडी मिली, जिससे कारोबार खड़ा करने में मदद हुई। धीरे-धीरे फार्म का विस्तार करते हुए उनके पास अब अच्छी नस्ल की गायों और भैंसों सहित करीब 20 पशु हैं, जिनसे रोजाना लगभग दो क्विंटल दूध का उत्पादन होता है। वह आरएसपुरा के साथ जम्मू शहर में भी दूध की आपूर्ति कर रहे हैं और तीन अन्य लोगों को रोजगार दे रहे हैं।

विक्रम सिंह के मुताबिक, डेयरी व्यवसाय में सबसे बड़ी चुनौती पशुओं के रखरखाव पर बढ़ता खर्च और दूध का उचित मूल्य नहीं मिलना है। वर्तमान में वह गाय का दूध 35 से 40 रुपये प्रति लीटर और भैंस का दूध 60 से 70 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेच रहे हैं। हाल ही में पशुओं की फीड की कीमत में करीब 200 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन दूध के बिक्री मूल्य में कोई बदलाव नहीं हुआ। चारे, फीड, दवाइयों और अन्य जरूरतों पर खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे डेयरी किसानों का मुनाफा कम होता जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए दूध का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए।

विक्रम का कहना है कि वह गांव के अन्य युवाओं को भी डेयरी व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, लेकिन युवाओं में इस व्यवसाय को लेकर पर्याप्त जानकारी और तकनीकी प्रशिक्षण की कमी एक बड़ी बाधा है। उन्होंने सरकार से युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की, जिनमें पशुओं की देखभाल, अच्छी नस्ल के पशुओं का चयन, दूध उत्पादन और आधुनिक डेयरी फार्म के संचालन की जानकारी दी जाए। उनके मुताबिक, सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले किसानों और युवाओं को विशेष प्रोत्साहन देने की जरूरत है। सरकार को आधुनिक तकनीक से लैस डेयरी फार्म और शेड तैयार करने के लिए भी सब्सिडी उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि पशुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और दूध उत्पादन में वृद्धि हो सके।

विक्रम का मानना है कि पहले गांवों में किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन और डेयरी व्यवसाय को भी अपनी आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते थे, लेकिन धीरे-धीरे युवा वर्ग इस व्यवसाय से दूर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुग्ध ग्राम विकसित करने का सरकार का फैसला सराहनीय है, लेकिन इसकी सफलता के लिए अभी और प्रयास करने की जरूरत है। किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ दूध का उचित मूल्य, आधुनिक डेयरी सुविधाएं और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना जरूरी है।