कार्तिक माह समाप्त होने के बाद बुधवार को पटना में मांस और मछली की मांग में तेज उछाल देखा गया। कारोबारियों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना से अधिक मांग रही और राजधानी व आसपास में 200 टन से अधिक मटन-चिकन की बिक्री होने का अनुमान है। मांस-मछली की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगीं और कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई।
थोक कारोबारी रमेश कुमार ने बताया कि होटलों की बुकिंग पूरी करने के लिए अलसुबह से ही आपूर्ति शुरू कर दी गई थी। छोटे-बड़े सभी तरह के होटलों और रेस्टूरेंटों में सामान्य दिनों के मुकाबले दो से तीन गुना अधिक मांग रही। कार्तिक मास में बड़ी संख्या में लोग मांस-मछली और लहसून-प्याज खाना छोड़ देते हैं, जिससे इस दौरान मटन और मछली की बिक्री काफी कम हो जाती है।
आम दिनों में पटना में प्रतिदिन करीब 30 से 40 टन मटन बिकता है, जो बुधवार को बढ़कर करीब 100 से 120 टन तक पहुंच गया। इसी तरह चिकन की बिक्री भी कई गुना बढ़ी और एक दिन में 100 टन से अधिक चिकन के कारोबार का अनुमान है। बाजार समिति के मछली बाजार में भी काफी भीड़ दिखी।
मटन की कीमत 700 से 1100 रुपये प्रति किलो तक रही, जबकि चिकन लगभग 160 से 220 रुपये किलो बिका। मछली की कीमत किस्म के अनुसार करीब 250 से 600 रुपये प्रति किलो तक रही। कारोबारियों के अनुसार रविवार को भी मांग में तेजी रहने की उम्मीद है।
