TVS ग्रुप के ₹2.80 लाख करोड़ के कारोबार से जुड़ी पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे का विवाद अदालत पहुंच गया है। TVS होल्डिंग्स के चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने 25 नवंबर को मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर कर वेणु श्रीनिवासन शाखा की संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में अपना हिस्सा मांगा है। सूचीबद्ध TVS ग्रुप शेयरों का कुल मार्केट कैप लगभग ₹2.80 लाख करोड़ (₹280,371 करोड़) बताया गया है। यह कदम 16 नवंबर को लक्ष्मी वेणु द्वारा भेजे गए बंटवारे के नोटिस के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने परिवार के मुखिया के तौर पर अपने पिता से संपत्ति का उचित और कानूनी बंटवारा करने की बात कही थी।

वेणु श्रीनिवासन शाखा की संपत्ति में TVS मोटर कंपनी, सुंदरम क्लेटन, TVS क्रेडिट सर्विसेज और TVS होल्डिंग्स में हिस्सेदारी शामिल बताई जाती है। विवाद इस पर है कि 2020 में हुए व्यापक TVS परिवार पुनर्गठन और 2024 में वेणु श्रीनिवासन के करीबी परिवार के सदस्यों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) से उनके परिवार की शाखा के भीतर आर्थिक हितों का निपटारा हो गया था या नहीं। वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन वेणु का कहना है कि समझौता पहले ही हो चुका है, जबकि लक्ष्मी और उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन का तर्क है कि परिवार के आर्थिक हितों का पूर्ण बंटवारा नहीं हुआ है।

लक्ष्मी के दावे का समर्थन करते हुए मल्लिका श्रीनिवासन ने 25 नवंबर को कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लक्ष्मी के नोटिस के जवाब में उनके कानूनी अधिकारों को मान्यता नहीं दी गई और आपसी सहमति से समाधान की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लक्ष्मी को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। एक मां के तौर पर बेटा और बेटी दोनों उनके लिए बराबर हैं और उनका मानना है कि पारिवारिक संपत्ति में लक्ष्मी का भी जायज हिस्सा है, जो सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं है।