जिला मंडी के बल्ह उपमंडल के लुणापानी गांव में राजेश गुलेरिया ने 1.18 करोड़ रुपये की लागत से आरके एरोमैटिक्स नाम की आधुनिक सुगंधित तेल निष्कर्षण इकाई स्थापित की है। उन्हें उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है।

राजेश गुलेरिया ने कुल्लू के मौहल स्थित जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान से पुष्प क्रांति योजना के तहत पांच दिवसीय प्रशिक्षण लेकर तकनीकी जानकारी हासिल की। उनके बेटे दीक्षांत के अनुसार, इकाई में आधुनिक डिस्टिलेशन मशीनरी लगाई गई है, जहां टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा, आर्टेमिसिया और जंगली खुबानी की गिरी से सुगंधित तेल निकाला जाएगा। कच्चा माल स्थानीय किसानों और संग्राहकों से खरीदा जाएगा, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।

इकाई से 15 से 20 स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार मिलने की संभावना है। राजेश ने प्रतिवर्ष 2.46 करोड़ रुपये के कारोबार और करीब एक करोड़ रुपये के मुनाफे का लक्ष्य रखा है। वे सुगंधित तेलों को विदेशों में निर्यात करने की तैयारी कर रहे हैं।

उद्यान विभाग के विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि गैस क्रोमैटोग्राफी तकनीक से तेलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। राजेश ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और उद्यान विभाग का आभार जताया है।