दवाओं की कीमतें घटाने के मकसद से सरकार ने बायोफार्मा शक्ति योजना पर काम तेज कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फार्मा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पहले घोषित इस योजना को अगले साल जनवरी से लागू किया जा सकता है। योजना से जुड़ा प्रस्ताव फिलहाल कैबिनेट के पास भेजा गया है। योजना को तीन श्रेणियों में बांटने की तैयारी है।
अधिकारी के अनुसार, पहली श्रेणी में बायोलॉजिकल दवाएं बनाने वाली नई कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। बायोलॉजिकल दवाएं कैंसर, डायबिटीज और मस्कुलर डिस्ट्रोफी जैसी कई इम्यूनो बीमारियों में बेहतर परिणाम देती हैं। इन गैर-संक्रामक रोगों में केमिकल दवाएं भी कारगर हैं, लेकिन बायोलॉजिक्स को अधिक बेहतर माना जाता है।
दूसरी श्रेणी के तहत बायोसिमिलर दवाओं के विकास और निर्माण के लिए समर्पित फंड उपलब्ध कराया जाएगा। सामान्य तौर पर दवाओं का पेटेंट 20 साल के लिए होता है और अवधि पूरी होने के बाद इन्हें कोई भी बना सकता है। मूल दवा को बायोलॉजिक्स और उसके जेनेरिक स्वरूप को बायोसिमिलर कहा जाता है।
तीसरी पहल के तहत देश में क्लीनिकल ट्रायल को मजबूत प्रोत्साहन दिया जाएगा। भारत की 140 करोड़ की आबादी ग्लोबल साउथ के 400 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करती है, इसलिए भारत में ट्रायल कराने वालों के लिए यह पूरा क्षेत्र खुला रहेगा। फार्मास्युटिकल्स विभाग और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद मिलकर क्लीनिकल ट्रायल साइट्स विकसित करेंगे, जिन्हें सरकार योजना के तहत बढ़ावा देगी।