ऑफिस में बॉस के साथ अच्छे संबंध काम करने के अनुभव को बेहतर बनाते हैं, लेकिन अक्सर लोग नौकरी छोड़ने के बाद पुराने बॉस से बात करना बंद कर देते हैं। ऐसा करना जरूरी नहीं है, क्योंकि पुराना बॉस आगे चलकर करियर में मददगार साबित हो सकता है।

पुराना बॉस आपके काम करने के तरीके, आपकी मेहनत और मुश्किल समय में काम संभालने के तरीके को अच्छी तरह जानता है। नई नौकरी के दौरान कई बार पुराने बॉस की कही अच्छी बातें काम आ सकती हैं। वे नए बॉस को आपके काम के बारे में बता सकते हैं, जिससे सामने वाले को आप पर भरोसा करने में आसानी होती है। साथ ही, आज जिस बॉस के साथ आप काम कर रहे हैं, हो सकता है कल वे किसी दूसरी बड़ी कंपनी में चले जाएं और अच्छे रिश्ते होने पर आपको अपनी नई टीम में काम करने का मौका दे सकें। कई बार अच्छी नौकरी के बारे में सबसे पहले पुराने जानने वालों से ही पता चलता है।

करियर को लेकर उलझन होने पर भी पुराने बॉस से बात करना फायदेमंद हो सकता है। वे आपके काम को जानते हैं और अपने अनुभव से ऐसी बातें बता सकते हैं जो आपके काम आएं। उनकी हर बात मानना जरूरी नहीं है, लेकिन उनसे बात करने पर फैसला लेने में आसानी हो सकती है। इसके अलावा, पुराने बॉस की कई कंपनियों और बड़े लोगों से जान-पहचान हो सकती है। बातचीत बनी रहने पर नए लोगों से मिलने और नए काम के मौके भी मिल सकते हैं।

नौकरी छोड़ते समय बॉस से अनबन के कारण गुस्से में कुछ कहने से बचना चाहिए। कंपनी छोड़ने से पहले अपना काम अच्छे से पूरा करें और बॉस को उनके साथ काम करने के लिए धन्यवाद कहें। नौकरी छोड़ने के बाद त्योहार पर मैसेज करना या फोन करके हालचाल पूछना पर्याप्त है। हर दिन बात करना जरूरी नहीं, बस ध्यान रखें कि बातचीत पूरी तरह बंद न हो, क्योंकि नौकरी और ऑफिस बदलते रहते हैं, लेकिन अच्छे रिश्ते लंबे समय तक साथ रहते हैं।