हंगरी के पश्चिमी शहर सोम्बाथेली में एक बिजली सबस्टेशन के पास 2023 से 2025 के बीच हुई खुदाई के दौरान चांदी के करीब 200 सिक्कों का खजाना मिला है। ये सिक्के एक मटकी में रखे थे, जिनका वजन करीब दो किलोग्राम है और उम्र 2000 साल से अधिक बताई जा रही है। यह खजाना जमीन से सिर्फ 40 सेंटीमीटर की गहराई में दफन था।
एनर्जी कंपनी ई.ओएन हंगरी ने हाल ही में इस खोज का खुलासा किया है। हंगरी के नेशनल आर्कियोलॉजिकल इंस्टीट्यूट के अनुसार, पिछले 50 सालों में यह सबसे बड़ा ऐसा खजाना है। इससे पहले ऐसे सिक्के यहां 1960 में मिले थे। इन सिक्कों की कीमत करीब 2000 डॉलर आंकी जा रही है, लेकिन एंटिक होने के कारण इनकी बाजार कीमत इससे कहीं ज्यादा मानी जा रही है।
इन सिक्कों के बनने का समय ईसा पूर्व दूसरी शताब्दी के उत्तरार्ध से ईसा पूर्व पहली शताब्दी के प्रारंभ के बीच का माना गया है, यानी ये करीब 2,126 से 2,176 साल पुराने हैं। ये सिक्के हंगरी के एक विशेष सेल्टिक समुदाय से संबंधित बताए जा रहे हैं और इन्हें प्राचीन यूनानी चांदी के सिक्कों की तरह बनाया गया था।
हर सिक्के के एक तरफ ग्रीक देवता अपोलो की आकृति बनी है, जबकि दूसरी तरफ घुड़सवार की आकृति है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह खजाना किसने और क्यों दफन किया था, इसकी जांच की जानी जरूरी है।
