मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बुधवार को एक बड़े सड़क हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन प्रमुख रिंग रोड पर पलट गया और आग की चपेट में आ गया।

यह घटना ग्रेटर काहिरा को जोड़ने वाले रिंग रोड पर गीजा के अल-वर्राक इलाके में एक सुरंग के ऊपर हुई। यह मार्ग काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को प्रमुख राजमार्गों से जोड़ता है। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

मिस्र में तेज रफ्तार, यातायात नियमों का कमजोर पालन और खराब सड़कें सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण माने जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने यातायात का दबाव कम करने और बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए नए राजमार्गों और पुलों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया है।

हालांकि, इसके बावजूद देश में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।