ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 स्थित ओमेक्स स्पा विलेज और न्यू हाइट्स सोसायटी में करीब दो साल पहले एफएमडीए की ओर से पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन अब तक इससे जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। इसके चलते दोनों सोसायटियों के करीब 700 परिवार बोरवेल के पानी पर निर्भर हैं, जिसका टीडीएस 1,000 से 1,500 तक बताया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों एसएस नरूला, प्रणय जैन, डॉ. योगेश शर्मा, विजय मल्होत्रा और गौरव सिंघल के अनुसार पाइपलाइन बिछने के बाद उम्मीद थी कि घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचेगा, लेकिन नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। दोनों सोसायटियों में कुल 11 टावर हैं और प्रतिदिन आठ से नौ लाख लीटर पानी की मांग है। निवासियों आरके भाटिया, नलिन बिलोचन झा, अशोक त्यागी, लोकेश चावला और शिवचरण सिंह का कहना है कि बोरवेल के पानी को प्यूरीफायर से साफ करना पड़ता है। इस पानी के इस्तेमाल से त्वचा संबंधी समस्याएं और बाल झड़ने की शिकायतें बढ़ रही हैं, और नल व प्यूरीफायर भी जल्दी खराब हो रहे हैं।
निवासियों योगेश धारीवाल, अभिषेक पांडेय, आरके गुप्ता और कोमेश सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ टैंकर संचालक अवैध तरीके से सीवर का पानी खपा रहे हैं, जिससे भूजल दूषित होने का खतरा बढ़ रहा है। आरडब्ल्यूए प्रधान हेमंत राणा ने कहा कि अधिकारियों से लगातार शिकायत के बावजूद हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है। ओमेक्स न्यू हाइट्स के आरडब्ल्यूए प्रधान राजीव सिंह ने पानी की गुणवत्ता जांच कराकर जल्द समाधान की मांग की है।
एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता अंकित भारद्वाज के मुताबिक इस लाइन पर काम चल रहा है और अगले दो महीने में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। सोसायटियों में पहुंच रहे पानी के टीडीएस की जांच भी कराई जाएगी और मौके पर कनिष्ठ अभियंता भेजकर यह भी जांच की जाएगी कि बिल्डर की ओर से कनेक्शन लिया गया है या नहीं।
