इसरो चीफ वी. नारायणन ने नई दिल्ली में मंगलवार को कहा कि निजी तौर पर बनाया गया पहला PSLV रॉकेट लॉन्च के लिए तैयार है। PSLV-N1 को अगले साल की पहली तिमाही यानी मार्च तक लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह जानकारी 5वीं इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

नारायणन ने बताया कि पहले इसरो उद्योग की मदद से ही PSLV बनाता था। अब L&T और HAL के कंसोर्टियम को पांच PSLV बनाने का काम दिया गया है। इसरो की कमर्शियल शाखा NSIL ने सितंबर 2022 में इस कंसोर्टियम के साथ 860 करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट किया था।

इसरो चीफ ने कहा कि गगनयान मिशन में देरी नहीं हुई है। यह तकनीक पर आधारित बड़ा मिशन है और अंतिम चरण में है। रॉकेट और बाकी जरूरी चीजें तैयार हैं, फिलहाल ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम चल रहा है। इसे पहले मौके पर ही लॉन्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार स्टार्टअप्स के साथ मिलकर सैटेलाइट लॉन्च में तेजी ला रही है। इसरो के पास फिलहाल ऑर्बिट में सिर्फ 56 स्पेस एसेट्स हैं, जबकि कम्युनिकेशन, नेविगेशन और अर्थ ऑब्जर्वेशन के लिए कई स्पेस एसेट्स बनाने होंगे। इस काम में निजी कंपनियों की मदद ली जा रही है और स्टार्टअप्स की संख्या बढ़कर 440 से ज्यादा हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत 64 देशों के साथ सहयोग कर रहा है और पिछले 12 साल में 34 देशों के कम से कम 434 सैटेलाइट लॉन्च किए गए हैं। इसरो और चंडीगढ़ की सेमीकंडक्टर लैब ने मिलकर विक्रम प्रोसेसर बनाया है और विक्रम-32 चिप तैयार हो चुकी है।