मंडी जिले के नेरचौक स्थित विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परीक्षा केंद्र में मंगलवार को राज्य चयन आयोग हमीरपुर की ओर से आयोजित पटवारी भर्ती परीक्षा (पोस्ट कोड-25027) के दूसरे सत्र के दौरान एक महिला अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन बरामद होने का मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस थाना बल्ह में दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित अभ्यर्थी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार परीक्षा के द्वितीय सत्र में केंद्र में तैनात पर्यवेक्षकों और प्रबंधन को सरकाघाट निवासी अभ्यर्थी राजिका की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। संदेह गहराने पर प्रबंधन ने कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की, जिसमें स्पष्ट हुआ कि अभ्यर्थी ने परीक्षा कक्ष के भीतर अपने पास मोबाइल फोन रखा था।
इससे परीक्षा केंद्र के अंदर अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचा, इस पर सवाल उठ रहे हैं और स्टाफ की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना की तह तक जाने के लिए केंद्र की सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में लेकर अवलोकन किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
