रांची के 18 वर्षीय एथिकल हैकर सार्थक सिद्धांत ने उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट की 6.8 लाख पीडीएफ फाइलों को OCR तकनीक से डिजिटल डेटा में बदलकर सर्च करने लायक बनाया है। उन्होंने मंगलवार को एक्स पर यह जानकारी दी। उनके मुताबिक अब राज्य की 403 विधानसभा सीटों के 54.8 करोड़ वोटर रिकॉर्ड आसानी से खंगाले जा सकेंगे।
अब तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर वोटर लिस्ट पीडीएफ के रूप में उपलब्ध थी। किसी का नाम तलाशने के लिए विधानसभा क्षेत्र और पोलिंग बूथ की जानकारी जुटाकर पीडीएफ डाउनलोड करनी पड़ती थी और पन्ने एक-एक करके देखने होते थे। OCR तकनीक से अब इन फाइलों का डेटा टेबल के रूप में व्यवस्थित कर दिया गया है, जिससे खास रिकॉर्ड खोजना और अलग-अलग चुनावों या रिवीजन के दौरान वोटर लिस्ट में हुए बदलावों की तुलना करना आसान होगा।
सार्थक के मुताबिक सार्वजनिक रूप से डाउनलोड होने वाले डेटा में निजता का ध्यान रखा गया है। वोटर के नाम, रिश्तेदारों के नाम, EPIC नंबर और मकान नंबर जैसे संवेदनशील पहचान विवरणों को टोकन से बदला गया है। उन्होंने मतदाता सूची के चार सेट्स को एक साथ लाकर एक डाटासेट बनाया है। इस काम के लिए उन्हें तारीफ मिल रही है और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने बयान में उनकी प्रशंसा की है।
इससे पहले सार्थक CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम में गड़बड़ियां उजागर कर चुके हैं। मार्क्स कम मिलने पर उन्होंने अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी मांगी और बोर्ड की नई चेकिंग व्यवस्था की पड़ताल में उन्हें कई खामियां नजर आईं। बता दें कि विपक्ष चुनाव आयोग से इस तरह की व्यवस्था की मांग करता रहा है और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने 17 नवंबर को 2027 की ड्राफ्ट वोटिंग लिस्ट में जानकारी खोजने और डाउनलोड करने लायक पीडीएफ फाइलें उपलब्ध कराई थीं।
