गंगा जल संधि भारत और बांग्लादेश के बीच पानी के बंटवारे का अहम समझौता है, जिसकी 30 साल की अवधि खत्म होने को है। बांग्लादेश अपने हिस्से के पानी की सुरक्षा चाहता है, जबकि भारत बढ़ती आबादी, खेती और घरेलू जरूरतों को देखते हुए नई शर्तें चाहता है। पश्चिम बंगाल और बिहार की आपत्तियों ने मुद्दे को और अहम बना दिया है। सवाल यह है कि क्या दोनों देश आपसी सहमति से संधि को नया रूप दे पाएंगे या गंगा का पानी फिर कूटनीतिक तनाव की वजह बनेगा।
12 दिसंबर 1996 को दोनों देशों के बीच हुए इस समझौते को 30 साल के लिए लागू किया गया था और अब इसकी अवधि समाप्त होने में कुछ ही समय बचा है। नवीनीकरण को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सवाल यह है कि संधि पुरानी शर्तों के साथ आगे बढ़ाई जाएगी या पानी के बंटवारे से जुड़े नियमों में बदलाव होगा। इस बीच 21-22 नवंबर को ढाका में भारत-बांग्लादेश संयुक्त समिति की 91वीं नियमित बैठक हुई, हालांकि इस बैठक में 1996 की संधि के नवीनीकरण पर चर्चा हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गंगा नदी के पानी को लेकर विवाद 1950 के दशक में ही शुरू हो गया था, जब भारत ने पश्चिम बंगाल में फरक्का बैराज बनाने का प्रस्ताव रखा। यह जगह उस समय के पूर्वी पाकिस्तान (वर्तमान बांग्लादेश) की सीमा से करीब 18 किलोमीटर दूर थी। भारत का मकसद गंगा के पानी को हुगली नदी की ओर मोड़ना था ताकि कोलकाता बंदरगाह के आसपास जमा गाद हटाई जा सके और जहाजों की आवाजाही के लिए नदी चालू रहे। बैराज का निर्माण 1961 में शुरू हुआ और 1975 में पूरा होने के बाद यहां से पानी हुगली की ओर मोड़ा जाने लगा। बांग्लादेश का आरोप था कि पानी मोड़ने से उसके हिस्से में गंगा का प्रवाह कम हो रहा है। इस विवाद ने 1976 में बड़ा रूप ले लिया, जब बांग्लादेश के नेता मौलाना भासानी ने भारत की जल नीति के खिलाफ फरक्का लॉन्ग मार्च का नेतृत्व किया और बैराज हटाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे बांग्लादेश में गंगा की मुख्य वितरिका पद्मा का जलस्तर घट रहा है, जिससे सूखे और मरुस्थलीकरण का खतरा बढ़ रहा है।
दोनों देशों ने पानी के बंटवारे पर कई बार समझौते की कोशिश की। 1977, 1982 और 1985 में अस्थायी समझौते हुए, लेकिन इनमें से कोई भी लंबे समय तक चलने वाला समाधान नहीं दे पाया। आखिरकार दिसंबर 1996 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व में दोनों देशों ने गंगा जल बंटवारा संधि पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत 30 साल के लिए पानी के बंटवारे की व्यवस्था बनाई गई और संधि को लागू करने तथा इसकी निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति गठित की गई।