जिलाधिकारी मेधा रूपम की फटकार के बाद गौतमबुद्ध नगर जनपद में स्व-गणना की रफ्तार तेज हो गई है। बृहस्पतिवार तक जनपद में 1600 से अधिक लोगों ने अपनी ऑनलाइन गणना सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक कुल 1629 स्व-गणना दर्ज की गई हैं।
तीन दिनों के आंकड़ों में ग्रेटर नोएडा में सबसे अधिक 658 लोगों ने स्व-गणना की, जबकि नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 572 लोगों की ऑनलाइन गणना दर्ज हुई। दादरी क्षेत्र तीसरे स्थान पर रहा, जहां 133 लोगों ने स्व-गणना पूरी की। अन्य क्षेत्रों में भी स्व-गणना के आंकड़े दर्ज किए गए हैं।
जनगणना के दूसरे चरण को शत-प्रतिशत पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने गौतमबुद्ध नगर को 12 जोन में बांटा है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को अलग रखा गया है, जबकि सभी नगर निकायों के अलग हिस्से बांटे गए हैं। हर क्षेत्र में एक चार्ज अधिकारी तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना कराई जा रही है।
बुधवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्व-गणना प्रक्रिया पर समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी जोन के चार्ज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पोर्टल की तकनीकी दिक्कत और स्व-गणना की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी ने चार्ज अधिकारियों को फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं और निरंतर प्रगति कराने को कहा गया है। जनपद में कुल 8000 प्रगणक हैं।
