ग्रेटर नोएडा टैक जोन चार में रहने वाले इंजीनियर अंकित से टेलीग्राम पर एक महिला से दोस्ती के बाद ई-कॉमर्स निवेश के बहाने 21 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित अंकित पेशे से इंजीनियर हैं और ग्रेटर नोएडा टैक जोन चार में रहते हैं। उनकी 20 जुलाई को टेलीग्राम के जरिए नियारा नाम की एक महिला से दोस्ती हुई। महिला ने अपनी आमदनी के बारे में बताया और अंकित को निवेश कर मुनाफा कमाने का सुझाव दिया। अंकित के इनकार करने पर उसने अन्य लोगों के अनुभव भी साझा किए।

अंकित ने ई-कॉमर्स कंपनी की लौटेबे नाम की वेबसाइट पर पंजीकरण कर अपना ऑनलाइन रीसेलर अकाउंट खोल लिया। शुरुआत में छोटा निवेश करने पर एक-दो दिनों में ही 10 प्रतिशत का मुनाफा हुआ। ठग पर विश्वास होने पर पीड़ित ने 12 बार में 21 सितंबर तक 21 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे की जरूरत पड़ने पर जब उन्होंने रकम निकालनी चाही तो रकम नहीं निकली। ठग ने और रकम जमा कराने को कहा और रकम न देने पर बात करनी बंद कर दी।

पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जानकारी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनजान के कहने पर रकम ट्रांसफर न करें और ठगी होने पर तत्काल एनसीआरपी पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। शुरुआती दो घंटे में शिकायत करने पर रकम फ्रीज होने के ज्यादा आसार होते हैं।