गाजियाबाद में जनगणना के दूसरे चरण के तहत ऑनलाइन स्वगणना की रफ्तार धीमी बनी हुई है। ऑनलाइन स्वगणना शुरू होने के चार दिन बाद भी जिले में पांच हजार से कम लोग ही स्वगणना कर सके हैं। जिले में 20.77 लाख घरों में रहने वाले परिवारों को स्वगणना करनी है। स्वगणना के लिए 30 नवंबर तक की समय सीमा तय की गई है, जबकि एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।

गुरुवार को स्वगणना के नए आंकड़े जारी नहीं किए गए। अनुमान के आधार पर अभी जिले में पांच हजार से कम लोग ही स्वगणना कर पाए हैं। स्वगणना की धीमी गति पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

एडीएम एफआर अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन स्वगणना के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रगणकों को फील्ड में जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिक से अधिक लोग स्वगणना करें, इसके लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूकता फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वगणना के नए आंकड़े जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे।