कानपुर में विमर्श मंच पर नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और प्रबुद्ध जनों ने शहर की समस्याओं पर अधिकारियों से सीधे सवाल किए। बिजली व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात, अतिक्रमण, शासन की योजनाओं और युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति सहित कई मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और जनभागीदारी से शहर की तस्वीर बदलने पर जोर दिया।
विकास का विजन (ओपन सत्र) में केस्को एमडी नेहा जैन, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) संतोष कुमार मिश्र और सीडीओ अभिनव जे जैन ने नागरिकों के सवालों के जवाब दिए। सीडीओ ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए विकास के विजन पर चर्चा की। केस्को एमडी ने बिजली कनेक्शन, बिलिंग, ऑनलाइन भुगतान और उपभोक्ता सुविधाओं से जुड़े सवालों का जवाब देकर संतुष्ट किया। अपर पुलिस आयुक्त ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के कारोबार और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की कार्ययोजना बताई।
बेनाझाबर के संतोष निगम ने नए बिजली कनेक्शन के आवेदन निरस्त होने की समस्या पूछी। केस्को एमडी ने बताया कि 10 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर और बड़े कनेक्शन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन करें, ताकि उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम हो। सब्जी मंडी के सुरेश गुप्ता ने अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के बाद भी पुराने खंभे लगे रहने का सवाल किया। जवाब में कहा गया कि करीब चार हजार ऐसे खंभे हैं, जिन पर नगर निगम की स्ट्रीट लाइटें भी लगी हैं, इस कारण सभी को हटाना संभव नहीं हो पा रहा है; बाकी जगहों से कई खंभे हटाए जा चुके हैं।
विकास नगर के हरी त्रिपाठी ने सड़क पर बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर रह जाने से दुर्घटना होने की ओर ध्यान दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान यूटिलिटी शिफ्टिंग का बजट संबंधित विभाग देता है और यदि कहीं खंभे या ट्रांसफार्मर शिफ्ट नहीं हुए हैं तो संबंधित स्थान की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लालबंगला के अंकित कनौजिया ने भुगतान के कई महीनों बाद पैसा खाते में जमा न होने की शिकायत की। जवाब में कहा गया कि उपभोक्ता केस्को की आधिकारिक वेबसाइट या बिल पर दिए गए क्यूआर कोड से भुगतान करें और भुगतान के बाद उसकी पुष्टि जरूर करें; कनेक्शन कटने का कारण गलत जगह बिल जमा करना हो सकता है।
