सिवनी होटल में एक प्रेमी युगल को गांजा के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोपों के बीच गृह विभाग ने एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम को निलंबित कर पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच किया है। जबलपुर रेंज के आइजी प्रमोद कुमार वर्मा ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, आरक्षक कृष्ण परते, गनमैन सलमान खान और यातायात प्रभारी विजय बघेल को निलंबित कर रक्षित केंद्र जबलपुर अटैच किया है। गृह विभाग की अवर सचिव अन्नू भलावी ने बुधवार को एएसपी और एसडीओपी के निलंबन आदेश जारी किए।

होटल कांड की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई है। हालांकि, डीआईजी सिंह के निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा के साथ पूर्व में काम करने के संबंधों को लेकर जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। बताया गया है कि डीआईजी सिंह करीब चार साल पहले तक सिवनी के एसपी रहे थे और उस दौरान दीपक मिश्रा लखनादौन में एसडीओपी के पद पर पदस्थ थे।

इस मामले में एक राजनीतिक पहलू भी सामने आया है। भोपाल में शिकायत करने वाले सिवनी से भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने स्वीकार किया है कि उन्होंने दीपक मिश्रा की सिवनी में पदस्थापना के लिए सिफारिश की थी। मिश्रा सिवनी जिले में करीब डेढ़ दशक के दौरान घंसौर और कोतवाली थाना प्रभारी, खवासा बॉर्डर पर आरटीओ तथा लखनादौन एसडीओपी के पद पर रह चुके हैं। जुलाई 2025 में उन्हें सिवनी का एएसपी बनाए जाने के लिए विधायक से अनुशंसा पत्र लिखवाया गया था।

होटल कांड को लेकर विपक्ष ने भी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी ने इंटरनेट मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। गुरुवार को अधिवक्ताओं और बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने डीआईजी को पत्र सौंपकर मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की, जबकि कुछ अधिवक्ताओं ने बुधवार को राज्यपाल, मुख्यमंत्री और डीजीपी के नाम ज्ञापन देकर एसपी कृष्ण लालचंदानी को जिले से हटाने की मांग उठाई। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2025 में सामने आए हवाला कांड में करीब तीन करोड़ रुपये की संगठित लूट का मामला उजागर हुआ था, जिसमें एसडीओपी पूजा पांडे सहित 11 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी।