वाराणसी में देव दीपावली के लिए गंगा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नावों की भीड़ से हादसे न हों, इसके लिए पांच किलोमीटर के ट्रैफिक एरिया को टू-लेन में बांटा जाएगा। इसके लिए प्रयागराज से विशेष उपकरण मंगाए गए हैं। जल पुलिस ने गंगा में फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन तैनात किया है और सुरक्षा रिहर्सल शुरू हो गया है। एनडीआरएफ और पीएसी के सैकड़ों जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर के अनुसार गंगा में रिहर्सल चल रहा है और ट्रैफिक को टू-लेन में बांटने की कवायद शुरू है। टू-लेन डिवाइडर में यू-टर्न की भी व्यवस्था होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर नाव बीच रास्ते से लौट सके। देव दीपावली पर लाखों लोगों की भीड़ पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के इंतजाम किए जा रहे हैं।
फ्लोटिंग वाटर रेस्क्यू स्टेशन 40 मीटर लंबा और नौ मीटर चौड़ा है, जिस पर 50 से ज्यादा जल पुलिसकर्मी तैनात किए जा सकेंगे। इसके चारों कोनों पर उच्च क्षमता के कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे रात में भी दूर तक निगरानी हो सकेगी। दो इंजन लगे होने से इसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकेगा। साथ रहने वाली वैकल्पिक नाव तेज गति से घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। फिलहाल स्टेशन गंगा के उस पार रेत किनारे तैनात है, जहां रेत पर ऊंट व नाव संचालकों के विवाद पर अंकुश लगाने की रणनीति है। देव दीपावली के दिन इसे चेत सिंह घाट पर तैनात किया जाएगा।
स्टेशन पर तड़के चार बजे से दिन में 12 बजे तक और फिर 12 बजे से रात 10 बजे तक एक सब-इंस्पेक्टर और चार सिपाहियों की तैनाती की जा रही है। यह फोर्स गंगा में भ्रमणशील जल पुलिस की चार नावों और एक वाटर एंबुलेंस को बैकअप देगी। वाटर एंबुलेंस से आपात स्थिति में लोगों को गंगा में इलाज देने के साथ उन्हें अस्पताल पहुंचाने के इंतजाम होंगे।
