पंचकूला के पिंजौर स्थित गांव धमाला में एक तालाब में डूबने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव वासुदेवपुरा निवासी पारस के रूप में हुई। वह सरकारी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था और उसके पिता अनोखे मजदूरी करते हैं। परिवार में उसके एक भाई और दो बहनें हैं।

पारस के मामा के अनुसार, वह सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। साथ जाने वाले बच्चों से पूछताछ में पता चला कि पारस स्कूल जाने के बजाय सुबह करीब 10-11 बजे पांच दोस्तों के साथ गांव धमाला के तालाब में नहाने गया था, और इसी दौरान वह डूब गया।

सूचना मिलने पर पिंजौर थाना प्रभारी राजेश अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और एनडीआरएफ को सूचना दी। कमांडर इंस्पेक्टर आसिद कुमार के नेतृत्व में टीम ने तलाश और बचाव अभियान चलाया और करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद बच्चे को तालाब से बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पारस का शव हित चैरिटेबल ट्रस्ट की एंबुलेंस से कालका अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।