मध्य प्रदेश के धार जिले में रोटी मांगने पर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने पिता की लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बचाव में आई मां पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

गंधवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया धावड़ियापुरा में बुधवार शाम को यह घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, गुलाब (45) ने अपने बेटे कालू से खाने के लिए रोटी मांगी थी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कालू ने गाली-गलौज करते हुए पिता को जान से मारने की धमकी दी और गुस्से में आकर लकड़ी के टुकड़े से उनके सिर और मुंह पर चार से पांच बार वार किए।

पति को बचाने के लिए पहुंचीं धनीबाई पर भी आरोपी ने लकड़ी से हमला किया। उनकी कमर पर वार किया गया, जिससे वे घायल हो गईं। गंभीर चोटों के कारण गुलाब की मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कालू मौके से फरार हो गया। घायल धनीबाई की शिकायत पर गंधवानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।