बरेली में बाइक पर लिफ्ट देने के नाम पर ठगी की दो घटनाएं सामने आई हैं। शहर में 12 दिन के भीतर ये दो वारदातें हुई हैं, जिनमें छह नवंबर को 32 हजार रुपये और 17 नवंबर को 40 हजार रुपये जेब काटकर निकाले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है, लेकिन अब तक जेबकतरे का पता नहीं चल सका है।
शिवधाम कालोनी निवासी रामऔतार 17 नवंबर को अपने घर से अर्बन कोआपरेटिव बैंक में पैसा जमा करने के लिए बाइक से जा रहे थे। 100 फुटा रोड पुलिया से पहले एक व्यक्ति ने उन्हें रोकने के लिए हाथ दिया, जिस पर उन्होंने बाइक रोक दी और वह व्यक्ति पीछे बैठ गया। जब वह 100 फुटा पश्चिम से डमरू तिराहा की तरफ मुड़े, तो पीछे बैठे व्यक्ति ने रोकने के लिए कहा और उन्होंने उसे नीचे उतार दिया। वह पीछे से आ रही बाइक पर बैठकर एयरफोर्स की तरफ चला गया, जिस पर दो अन्य लोग सवार थे। इसके बाद उन्होंने देखा कि उनकी जेब कटी थी और 40 हजार रुपये गायब थे।
इससे पहले छह नवंबर को इंदिरा नगर निवासी बुजुर्ग संतराम पाल से बाइक पर लिफ्ट लेकर 32 हजार रुपये जेब काटकर निकाल लिए गए थे। उनसे इज्जतनगर स्टेशन से डाकखाने वाले अंडरपास पर लिफ्ट ली गई थी।
