प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नागपुर उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत लगभग 16.23 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र के नागपुर और भंडारा जिलों तथा उनके आसपास के रेत घाटों से अवैध रेत खनन और परिवहन की जांच से जुड़ी है। कुर्क संपत्तियों में महंगी गाड़ियां, जमीन, इमारतें, फ्लैट, व्यावसायिक दुकानें और फार्महाउस शामिल हैं। ईडी ने इन्हें ऐसे संसाधन बताया है जो एक संगठित गिरोह द्वारा अवैध रेत खनन से कमाए गए अपराध की कमाई से सीधे या परोक्ष रूप से हासिल किए गए थे।

जांच के दौरान ईडी ने पहले कई जगहों पर छापेमारी की थी, जिसमें अहम दस्तावेज, रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरण और नकदी बरामद हुई थी। पीएमएलए के प्रावधानों के तहत बैंक बैलेंस, महंगी गाड़ियां, जेसीबी मशीनें और पोकलैंड मशीनें जैसी चल संपत्तियां भी फ्रीज की गई थीं। 16.23 करोड़ रुपये की इस नई कुर्की के साथ इस मामले में जब्त, फ्रीज और अस्थायी रूप से कुर्क अपराध की कमाई का कुल मूल्य 20 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इन संपत्तियों का मौजूदा बाजार मूल्य 50 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।

ईडी की जांच नागपुर के सदर और अंबाझरी पुलिस स्टेशनों में नरेंद्र पिंपल और अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। आरोप है कि ये लोग जाली इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास के जरिए अवैध रेत निकालने, ढोने और बेचने का संगठित रैकेट चला रहे थे। रेत माफियाओं, ट्रांसपोर्टरों और साथियों के साथ मिलकर ये गिरोह नागपुर और आसपास के जिलों में नीलाम किए गए रेत घाटों से तय सीमा और मात्रा से अधिक रेत निकाल रहे थे।

जांच के अनुसार, अवैध रेत की ढुलाई और बिक्री के लिए 6,000 से 10,000 रुपये में जाली पास खरीदे जाते थे, जिन्हें मध्य प्रदेश के कानूनी रूप से लीज पर लिए गए रेत घाटों से जारी बताया जाता था। इन पास में दर्ज वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर असली थे और सरकारी पोर्टल पर भी दिखते थे, लेकिन जीपीएस डेटा से पता चला कि ये गाड़ियां न तो मध्य प्रदेश के उन रेत घाटों पर गईं और न ही बताए गए रास्तों पर चलीं। वे नागपुर और आसपास के उन इलाकों से बार-बार आती-जाती पाई गईं जहां अवैध रेत निकाली जा रही थी। ईडी के मुताबिक, इस तरीके से रेत का असली स्रोत छिपाया जाता था और बिना रॉयल्टी या टैक्स चुकाए ढुलाई-बिक्री की जाती थी, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।