मथुरा के छाता क्षेत्र में हाईवे पर सेमरी के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बाइक चला रहा महिला का पति घायल हो गया।

पवन कुमार अपनी पत्नी मीनाक्षी और तीन वर्षीय बेटी वंशिका के साथ बाइक से जा रहे थे। थाना छाता क्षेत्र में सेमरी के पास हाईवे पर ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में मीनाक्षी और वंशिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर छाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन कुमार को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक की तलाश के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।