अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती कस्बे में आगामी 2,400 मेगावाट बिजली संयंत्र से बिजली निकासी के लिए एक ट्रांसमिशन परियोजना हासिल की है। कंपनी ने गुरुवार को बयान में यह जानकारी दी। देश की प्रमुख निजी क्षेत्र की बिजली ट्रांसमिशन और वितरण कंपनी के अनुसार, यह परियोजना टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (टीबीसीबी) प्रक्रिया के जरिए हासिल की गई है और इसके चालू होने पर सालाना 500 करोड़ रुपए का टैरिफ प्राप्त होगा।
कंपनी के सीईओ कंदर्प पटेल ने कहा कि पीरपैंती ट्रांसमिशन योजना 2,400 मेगावाट की उत्पादन क्षमता के लिए मजबूत बिजली निकासी प्रणाली तैयार करेगी और बिहार के ट्रांसमिशन नेटवर्क को भी मजबूत बनाएगी। इससे ग्रिड की विश्वसनीयता बढ़ेगी और राज्य की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी देश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को समर्थन देने वाले विश्वसनीय और कुशल ट्रांसमिशन बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
यह परियोजना विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) विक्रमशिला पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड के माध्यम से लागू की जाएगी और इसे 2028 की अंतिम तिमाही तक पूरा किया जाएगा। परियोजना के तहत झंझारपुर, बैथौली और बेगूसराय में चार गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा 400 केवी की पीरपैंती-झंझारपुर, पीरपैंती-बेगूसराय और बेगूसराय-बख्तियारपुर लाइनें तथा 220 केवी की झंझारपुर-बैथौली और बेगूसराय-बेगूसराय टाउन लाइनें भी बनाई जाएंगी।
परियोजना पूरी होने के बाद एईएसएल के पोर्टफोलियो में 881 सर्किट किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइनें और 3,160 एमवीए की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता जुड़ जाएगी। इससे कंपनी का कुल ट्रांसमिशन नेटवर्क बढ़कर 30,683 सर्किट किलोमीटर और ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 1,46,585 एमवीए हो जाएगी। इस परियोजना के साथ एईएसएल का ट्रांसमिशन पूंजीगत व्यय अब 91,500 करोड़ रुपए हो गया है।
