रोहतक के पीजीआईएमएस में मधुमेह से पीड़ित 450 से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं और हर माह करीब 10 नए मरीज सामने आ रहे हैं। इन बच्चों को मीठे से दूर रहना पड़ता है और दिन में तीन बार इंसुलिन के इंजेक्शन लेने पड़ते हैं। दिवाली पर मिठाई खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया।
पीजीआईएमएस रोहतक के शिशु रोग विभाग में दिवाली के बाद दो बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। झज्जर का नौवीं कक्षा का एक छात्र तीन साल से मधुमेह से जूझ रहा है। उसने बताया कि चॉकलेट, टॉफी और आइसक्रीम खाने का मन करता है, लेकिन इंसुलिन की सुई की चुभन याद आते ही वह खुद को रोक लेता है। दिवाली पर मिठाई खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे शिशु रोग विभाग में चार दिन भर्ती रहना पड़ा। अब उसका शुगर नियंत्रण में है। छात्र की मां ज्योति के अनुसार करीब तीन साल पहले तक परिवार को बीमारी के बारे में पता नहीं था, धीरे-धीरे उसका शरीर कमजोर होने लगा था। जांच में मधुमेह की पुष्टि हुई। परिवार में पहले किसी को यह बीमारी नहीं थी।
जींद की चौथी कक्षा की एक छात्रा की दिवाली पर मिठाई खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। पहले उसे चक्कर आए और फिर वह बेहोश हो गई। पीजीआई में खून की जांच में मधुमेह की पुष्टि हुई। पिता जोगेंद्र के मुताबिक परिवार के लिए यह चौंकाने वाली बात थी, क्योंकि घर में पहले किसी को ऐसी बीमारी नहीं थी। चिकित्सकों ने उसे नियमित रूप से दिन में तीन बार इंसुलिन देने की सलाह दी है।
पीजीआई में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 450 शुगर पीड़ित बच्चे पंजीकृत हैं। इनके लिए हर बुधवार को विशेष क्लीनिक चलता है, जहां एक माह में शुगर के दस नए मरीज सामने आते हैं। पीडियाट्रिक्स एंडोक्राइन, पीजीआईएमएस रोहतक की इंचार्ज डॉ. अंजलि वर्मा के अनुसार मधुमेह पीड़ित बच्चों में अक्सर बार-बार यूरीन आना, प्यास लगना और वजन घटने की शिकायत सामने आती है। सांस तेज चलना और अचानक बेहोश होना गंभीर स्थिति है। शुगर का इलाज अच्छा खाना, व्यायाम और इंसुलिन है।
