मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार की रात एक ऑक्सीजन प्लांट के पास जमीन के नीचे लगे वाल्व से गैस रिसाव हो गया। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई, लेकिन समय रहते रिसाव की पहचान हो जाने से बड़ा हादसा टल गया। बेला औद्योगिक क्षेत्र में कई कल-कारखाने संचालित हैं और अलग-अलग फैक्ट्रियों से निकलने वाली गंध के कारण शुरुआत में लोगों को गैस रिसाव का पता नहीं चला। जब गंध असामान्य रूप से तेज होने लगी, तो कुछ उद्यमियों को पाइपलाइन से गैस निकलने की आशंका हुई। इसके बाद रात करीब नौ बजे पीएनजी के आपातकालीन नंबर पर फोन कर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि वाल्व में लीकेज से गैस रिसाव हो रहा है। इसके बाद ऑक्सीजन प्लांट की ओर जाने वाले रास्ते को घेरकर मरम्मत का काम शुरू किया गया और वहां खड़े वाहनों को हटाने के लिए अनाउंसमेंट कराया गया। जानकारी मिलने पर आईओसीएल के पीएनजी विभाग के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में देर रात तक वाल्व की मरम्मत की जाती रही। रास्ता बंद रहने के कारण उद्यमियों को दूसरे मार्ग से आवागमन करना पड़ा और रिसाव ठीक होने की जानकारी लेने के लिए वे देर रात तक एक-दूसरे को फोन करते रहे।
उद्यमी बेला में हुई इस घटना को गोबरसही-डुमरी रोड पर हुए पाइपलाइन विस्फोट से जोड़कर देख रहे हैं। उस घटना में नाला निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आग लग गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। उस हादसे के बाद पाइपलाइन की सुरक्षा और निर्माण कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब बेला में रिसाव की घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
गुरुवार को जहां गैस रिसाव हुआ, उसके आसपास पहले भी दो बड़ी औद्योगिक घटनाएं हो चुकी हैं। यहां एक कुरकुरे फैक्ट्री में ब्लोअर विस्फोट हुआ था, जबकि ऑक्सीजन प्लांट में आग लगने की घटना भी सामने आ चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से उद्यमियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेचैनी है। उनका सवाल है कि औद्योगिक क्षेत्र में गैस पाइपलाइन की नियमित जांच और वाल्व की निगरानी की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
