गुरुग्राम में घर-घर से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी के लिए नगर निगम द्वारा चयनित दो नई निजी एजेंसियों के साथ अनुबंध हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन उन्होंने अभी तक काम शुरू नहीं किया है। फिलहाल पुरानी एजेंसी ही घर-घर से कूड़ा एकत्र कर रही है। नगर निगम की टेंडर शर्तों के अनुसार एजेंसियों को अनुबंध पर हस्ताक्षर के 30 दिन के भीतर कम से कम 50 प्रतिशत वाहन, मशीनरी और कर्मचारी तैनात करने थे, जबकि अगले 30 दिन में शेष संसाधन उपलब्ध कराने थे।

क्लस्टर-1 और क्लस्टर-2 के लिए दो अलग-अलग एजेंसियों के साथ 16 अक्टूबर और 19 अक्टूबर को अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस हिसाब से पहली एजेंसी के लिए 15 नवंबर और दूसरी के लिए 18 नवंबर तक 50 प्रतिशत संसाधन उपलब्ध कराने की समयसीमा पूरी हो चुकी है। 19 नवंबर तक दोनों एजेंसियों ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की नई व्यवस्था शुरू नहीं की है।

टेंडर की शर्तों के अनुसार एजेंसियों को अपने वाहन, मशीनरी और कर्मचारी उपलब्ध कराने होंगे। क्लस्टर-2 के परियोजना सूचना ज्ञापन में 90 ई-रिक्शा, 331 छोटे व्यावसायिक वाहन, आठ कंपैक्टर, चार जेसीबी और 17 हुक लोडर सहित अन्य संसाधन लगाने हैं। इनके संचालन के लिए चालक, सहायक, सुपरवाइजर और शिकायत केंद्र के कर्मचारी भी एजेंसी को ही रखने होंगे। एजेंसियों के काम शुरू नहीं करने और पूरे वाहन नहीं होने के कारण शहर में सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लग रहे हैं।

टेंडर के अनुसार अनुबंध के 30 दिन में कम से कम 50 प्रतिशत और 60 दिन में सभी जरूरी संसाधनों की तैनाती करनी होगी। 75 दिन बाद भी पूरी तैनाती नहीं होने पर नगर निगम को अनुबंध समाप्त करने, सुरक्षा राशि जब्त करने और संबंधित एजेंसी को दो साल के लिए प्रतिबंधित करने का अधिकार होगा। दोनों एजेंसियों को पांच साल के लिए ठेका दिया गया है और संतोषजनक काम पर दो-दो साल के दो विस्तार भी दिए जा सकते हैं। एजेंसियों को तीन घंटे में शिकायत का समाधान करना होगा। दोनों एजेंसियों को 36 वार्डों से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कूड़ा संग्रहण में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग प्रस्तावित है, ऐसे में इनके नियमित संचालन के लिए चार्जिंग की सुविधा विकसित करना जरूरी है, लेकिन अभी तक चार्जिंग स्टेशन तैयार नहीं किए गए हैं। एजेंसियों को वाहनों की उपलब्धता के साथ उनके संचालन और रखरखाव की व्यवस्था भी करनी होगी। सभी संबंधित वाहनों में जीपीएस, आरएफआइडी और स्कैनिंग उपकरण लगाने होंगे। प्रत्येक घर और प्रतिष्ठान पर आरएफआइडी टैग लगाकर कूड़ा उठाने का रिकॉर्ड तैयार करना होगा। वाहनों की आवाजाही और कूड़ा संग्रहण की जानकारी नगर निगम के निगरानी तंत्र से जुड़ी रहेगी। कर्मचारियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति और कचरे के परिवहन का रिकॉर्ड भी रखना होगा।

एजेंसियों को घरों से प्रतिदिन कम से कम एक बार और बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक क्षेत्रों से दिन में दो बार कूड़ा उठाना होगा। गीले, सूखे और घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग एकत्र करना होगा। कूड़ा खुले वाहनों में नहीं ले जाया जा सकेगा और इसे निर्धारित प्रसंस्करण स्थल बंधवाड़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी। इसके अलावा सैनिटरी कचरा और ई-कचरा अलग एकत्र करना होगा तथा दो पुनर्चक्रण केंद्र भी स्थापित करने होंगे। नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज के अनुसार डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए तैयारी की जा रही है और एजेंसियों के पास 31 दिसंबर तक का समय है।