कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन नेताओं को बिहार का एआईसीसी सचिव नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों की सूची जारी की। इसके अनुसार प्रदीप नरवाल, प्रो. प्रकाश सोनावणे और महबूब पाशा को बिहार का एआईसीसी सचिव बनाया गया है। तीनों बिहार में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को देखेंगे।
बिहार कांग्रेस के दो नेताओं को भी राष्ट्रीय जिम्मेदारी दी गई है। अजय कुमार पासवान को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त करते हुए मध्य प्रदेश का प्रभारी सचिव बनाया गया है, जबकि गुंजन पटेल को राष्ट्रीय सचिव बनाकर पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी ने इन सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया है। इसके अलावा कई अन्य राज्यों के लिए भी एआईसीसी सचिवों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
