पलवल में रेलवे बैरियर से मोटरसाइकिल टकराने के मामले में वाहन छुड़वाने और सजा से बचाने के नाम पर तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में आरपीएफ के एएसआई को गिरफ्तार किया गया है। एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद की टीम ने आरोपित को शेष तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा। आरोपित की पहचान विक्रम सिंह के रूप में हुई है, जो मथुरा जिले के कोसी कलां स्थित आरपीएफ पोस्ट पर तैनात था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल होडल के पास रेलवे क्रॉसिंग के बूम बैरियर से टकरा गई थी। आरोप है कि इस मामले में मोटरसाइकिल छुड़वाने और उसे दोषसिद्ध होने से बचाने के नाम पर एएसआई विक्रम सिंह ने तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित उससे पहले ही 2.97 लाख रुपये वसूल चुका था और शेष तीन हजार रुपये देने के लिए दबाव बना रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद के इंचार्ज निरीक्षक विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपित को शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
