महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के एक जंगल में कथित लूट की कोशिश के दौरान 35 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वर्षा तुरकर के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरी-नवगांव की रहने वाली थी और पुणे एयरपोर्ट पर एक निजी एयरलाइन के टिकट काउंटर पर काम करती थी। वह दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी।

पुलिस को दिए बयान में वर्षा के साथ मौजूद उसके दोस्त नितेश अग्रवाल ने बताया कि दोनों शनिवार शाम करीब 4 बजे तिरोड़ा तहसील के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनी-बोंडरानी में वैनगंगा नदी के पास स्थित सागौन के जंगल में गए थे। आरोप है कि इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने वर्षा के पेट में चाकू घोंप दिया। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अग्रवाल का दावा है कि नकाबपोश लुटेरे करीब 40,000 रुपये कैश और सोने के गहने लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दवनीवाड़ा पुलिस ने जांच शुरू कर दी और नितेश अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। जांच के दौरान वर्षा के गले में पहनी सोने की चेन सुरक्षित पाई गई, जिससे लूट की कहानी पर संदेह गहरा गया है। पुलिस यह भी परख रही है कि क्या मामला वाकई लूटपाट का था या हत्या के पीछे कोई और साजिश है। सबूत जुटाने के लिए मौके पर डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीमें भेजी गई हैं। पुलिस लूट के एंगल के साथ-साथ घटना के वक्त मौजूद दोस्त की भूमिका समेत हर पहलू से तफ्तीश कर रही है।