महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक 35 वर्षीय एयर होस्टेस की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव वैनगंगा नदी के पास बोंद्रानी गांव में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुणे की रहने वाली वर्षा तुरकर दिवाली मनाने के लिए अपने मायके आई थीं। परिवार के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उनकी पीठ पर चाकू से चार बार वार किए गए। वह गोंदिया के रहने वाले अपने दोस्त रितेश अग्रवाल के साथ बोंद्रानी गांव में वैनगंगा नदी के किनारे घूमने गई थीं।
शाम करीब 6 बजे रितेश ने वर्षा के जीजा अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया है और वर्षा को चाकू मार दिया है। परिवार के लोग उन्हें खैरलांजी अस्पताल ले गए, जहां शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना बोंद्रानी गांव में हुई, जो दवानीवाड़ा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।
परिवार के मुताबिक, वर्षा रितेश को कॉलेज के दिनों से जानती थीं और 2024 में उन्होंने समर सैयद से शादी की थी। उनकी ढाई साल की एक बेटी है। दवानीवाड़ा पुलिस रितेश और अश्विनी से पूछताछ कर रही है। वर्षा के पिता धुरलाल तुरकर ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वारासिवनी पुलिस थाने के प्रभारी अनूप कुमार उइके के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम खैरलांजी अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी।
