गोरखपुर के तारामंडल क्षेत्र में रविवार शाम 6.05 बजे नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से ब्लैकआउट एवं एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सायरन बजते ही इलाके में अंधेरा छा गया और लोगों को हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के उपाय बताए गए।
अभ्यास के दौरान खाली मैदान में पहुंचे लोग जमीन पर लेटकर अपने कान बंद कर लिए। इसी बीच दुश्मन देश के विमानों की बमबारी का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया। नागरिक सुरक्षा की टीम ने सायरन बजाते हुए लोगों को सचेत किया और घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा। टीम ने मकानों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया।
बमबारी में घायल हुए लोगों को चिकित्सकों की टीम ने एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। करीब 45 मिनट तक चले हवाई हमले और बचाव कार्य के बाद एक बार फिर सायरन बजा और लाइट आने पर सभी ने राहत की सांस ली।
विभाग का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना और नागरिकों को जागरूक करना था। अभ्यास के दौरान लोगों को प्रकाश व्यवस्था बंद रखने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकाल में प्रशासन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देशों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया।
