गुरुग्राम पुलिस ने मतांतरण के एक आरोपी मास्टरमाइंड को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रवीण उर्फ डॉ. पीटर जॉन मलकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मणिपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पिछले सप्ताह गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण के मामले का पर्दाफाश हुआ था, जिसके बाद यह गिरफ्तारी हुई। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के साथ गुरुग्राम, दिल्ली और अन्य जगहों पर 'पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल' नाम का एनजीओ चलाता था, जो दस साल से अधिक समय से एनसीआर और अन्य क्षेत्रों में संचालित बताया जा रहा है। आरोप है कि एनजीओ से जुड़े वॉलंटियर इस दंपती के कहने पर झुग्गियों में पाठशाला चलाते थे, जहां बच्चों को खाना-पीना, पढ़ाई और कपड़े दिए जाते थे तथा यीशु मसीह के बारे में पढ़ाया और प्रार्थना कराई जाती थी। आरोप है कि बच्चों को ईसाई धर्म में मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता था। आरोपी की पत्नी अमेरिकी नागरिक बताई जा रही है, जो फिलहाल फरार है।
घाटा गांव की झुग्गियों में रहने वाले लोगों के मुताबिक, करीब एक साल पहले इस एनजीओ ने उनकी झुग्गी में स्वास्थ्य शिविर लगाया था, जिसके बाद हर शनिवार शिविर लगने लगा। शिविर में गई एक महिला के अनुसार, उसे पहले हाथ जोड़कर यीशु मसीह की प्रार्थना कराई गई, फिर दवाई और फल दिए गए। 14 नवंबर को घाटा गांव में छापेमारी कर चार महिलाओं को पकड़ा गया था, और उनसे पूछताछ में डॉ. पीटर तथा उसकी पत्नी के बारे में जानकारी मिली।
सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि एनजीओ एनसीआर में कब से संचालित हो रहा था, उसकी फंडिंग कहां से हो रही थी, अब तक कितने लोगों का मतांतरण कराया जा चुका है और इसमें कौन-कौन शामिल है, तथा आरोपी के ऊपर कोई और है या यही मास्टरमाइंड था।
