हरियाणा के हांसी में नेशनल हाईवे पर कुंदनापुर फ्लाईओवर पर रविवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान सिंघवा मदनहेड़ी निवासी गौरव और महम के वार्ड-11 में गीता मंदिर के पास रहने वाले शुभम के रूप में हुई है। घायलों में महम निवासी आयुष को हिसार रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी मुकेश ने बताया कि वह अपनी गाड़ी से हिसार जा रहे थे। भिवानी फ्लाईओवर के पास एक कार तेज गति से उनकी गाड़ी को पार कर आगे निकली। उनके अनुमान के अनुसार कार की रफ्तार 100 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच थी। कुछ दूर कुंदनापुर फ्लाईओवर पर वही कार पलटी मिली।

हादसा इतना भीषण था कि कार सवार एक युवक पुल के दोनों हिस्सों के बीच खाली स्थान से नीचे जा गिरा। एक अन्य युवक डिवाइडर के पास घायल पड़ा मिला, जबकि तीसरा कार में फंसा था। मुकेश ने एक घायल को अपनी गाड़ी से हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी और मौके पर पहुंचीं एंबुलेंस से अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। कार पलटने की वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।