खाटूश्याम मेले के मद्देनजर रेवाड़ी जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की सघन जांच कर रही हैं। इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने एक महिला को दो बैगों में रखे 20 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है।

महिला की पहचान पंजाब के भटिंडा जिले के गांव माही नंगला निवासी परमजीत कौर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला राजस्थान के चितौड़गढ़ से नशीला पदार्थ लेकर भटिंडा जा रही थी। जीआरपी थाना रेवाड़ी प्रभारी पीएसआई नवीन कुमार के नेतृत्व में टीम आरपीएफ क्राइम टीम के साथ संयुक्त जांच कर रही थी। इसी दौरान महिला के सामान की तलाशी में डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह नशीला पदार्थ राजस्थान से भटिंडा ले जा रही थी।

पुलिस अब महिला का रिमांड हासिल कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि उसने डोडा पोस्त कहां से खरीदा था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

बता दें कि पिछले दो माह में जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के चार मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही विदेशी शराब का एक मामला भी पकड़ा गया है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।