उत्तरी जिला के कोतवाली थाना पुलिस ने चांदनी चौक इलाके में चल रहे एक अवैध पार्किंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिल्ली नगर निगम की फर्जी पार्किंग पर्चियों का इस्तेमाल कर लोगों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
उत्तरी जिले की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के मुताबिक 20 नवंबर की शाम करीब 5.20 बजे कोतवाली थाने में तैनात एएसआई कृष्ण कांत को सूचना मिली कि चांदनी चौक स्थित सुभाष मार्ग पर प्रेजेंटेशन स्कूल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से वाहन खड़े करवाकर फर्जी पर्चियां काट रहा है और लोगों से पार्किंग शुल्क वसूल रहा है। सूचना पर एसीपी कोतवाली अमनदीप कौर और इंस्पेक्टर सुमन कुमार की देखरेख में पुलिस टीम ने स्कूल के पास स्थित पटरी पर दबिश दी। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबराकर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो जमुना बाजार, कश्मीरी गेट का रहने वाला है। पूछताछ में वह पार्किंग संचालन से जुड़ा कोई वैध लाइसेंस या सरकारी अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। तलाशी में उसके पास से इस्तेमाल की हुई और कोरी फर्जी पार्किंग रसीदों की बुकलेट बरामद हुईं, जिन पर एमसीडी छपा हुआ था। अवैध पार्किंग शुल्क के रूप में वसूले गए कुछ नकदी भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी मजदूरी व छोटे-मोटे काम करता था और आर्थिक तंगी के कारण उसने एमसीडी के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर नकली रसीदों के जरिए लोगों को ठगना शुरू कर दिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी रसीदों की छपाई कहां से करवाई गई थी और क्या इस गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
