तुपुदाना ओपी क्षेत्र के एक गांव में 58 वर्षीय एक व्यक्ति पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग भतीजी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दीपावली के दौरान घर में अकेली पाकर उसने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर माता-पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंक देने की धमकी दी। पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। धमकी के डर से परिवार लंबे समय तक चुप रहा।
परिजनों और रिश्तेदारों के मुताबिक, पहली घटना के बाद भी आरोपित की हरकतें नहीं थमीं और वह लगातार नाबालिग के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म करता रहा। माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी और परिवार की कमजोर आर्थिक व सामाजिक स्थिति के कारण परिजन कार्रवाई करने से हिचकिचा रहे थे।
रविवार को पीड़िता और उसके परिजनों ने रिश्तेदारों के साथ तुपुदाना ओपी पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित महाबीर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है और आरोपित से पूछताछ की गई है। आरोपित को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में आक्रोश है और ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
